
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा अपराधों को लेकर पेश की गई रिपोर्ट के बाद रिपोर्ट पर राजनीति तेज हो गए है। इस रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक महिलाओं के खिलाफ अपराध की बात कही गई है। जिसके बाद योगी सरकार पर विपक्षी नेता हमलावर हो गए हैं। अपने ट्वीटो और बयानों से हमेशा सरकार को निशाने पर लेने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इसको लेकर योगी सरकार को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिन के दौरे पर पहुंची प्रियंका गांधी के तेवर काफी तीखे थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचीं प्रियंका गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर करारा प्रहार किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। यह आकंड़ा क्राइम रिकार्ड ब्यूरो का है। यह तो बेहद शर्मनाक है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके बारे में कुछ ठीक करना चाहिए। बेटी बचाओ अभियान’ के कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश भर में घूमते हुए उन्हें शर्म आनी चाहिए। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में रोज हत्याएं हो रही हैं। लोगों को दिनदहाड़े जिंदा जलाया जा रहा है। महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। अब सरकार को बहानेबाजी बंद करनी चाहिए और इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए।
इस रिपोर्ट से स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के शासन का दावा पूरी तरह से झूठा है खासतौर पर जिस तरह से अपराध उत्तर प्रदेश में पड़ रहा है उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के लिए चिंताजनक है जिस कारण से प्रदेश सरकार की चौतरफा आलोचना हो रही है।