
नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी पर पीयूष गोयल द्वारा किए गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि ये लोग नफरत में अंधे हो गए हैं और साथ ही उन्होंने नोबेल पुरस्कार विजेता बनर्जी का हौसला अफजाई भी किया है।
राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी पर दिए बयान पर टिप्पणी करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह लोग नफरत में अंधे हो चुके हैं और उन्हें नहीं पता कि व्यावसायिकता क्या होती है।
इससे पहले गोयल ने कहा था कि बनर्जी का वामपंथ की ओर झुकाव है। पुणे में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान गोयल ने उन्हें वामपंथ की ओर झुकाव वाला व्यक्ति बताया था। गोयल ने कहा था, ‘अभिजीत बनर्जी जी को नोबेल पुरस्कार मिला मैं उनको बधाई देता हूं। लेकिन उनकी समझ के बारे में आप सब जानते हैं। उनकी जो सोच है वह वामपंथ से प्रेरित हैं। उन्होंने न्याय (कांग्रेस की योजना) के गुणगान गाए थे। भारत की जनता ने उनकी सोच को पूरी तरह से खारिज कर दिया।’
बनर्जी ने कहा कि वाणिज्य मंत्री मेरी व्यावसायिकता पर सवाल उठा रहे हैं। इसपर राहुल ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘प्रिय बनर्जी यह लोग नफरत में अंधे हो चुके हैं इन्हें नहीं पता कि व्यावसायिकता क्या होती है। यदि आप एक दशक तक भी कोशिश करें तो भी आप उन्हें यह नहीं समझा पाएंगे। कृपया निश्चित रहें लाखों भारतीयों को आपके काम पर गर्व है।’
राहुल से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी गोयल के अभिजीत को लेक दिए बयान पर ट्वीट किया था। प्रियंका ने कहा था, ‘भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता। अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।’
दरअसल अभिजीत बनर्जी का कांग्रेस से नजदीकी बीजेपी को रास नहीं आ रहा है इसलिए नोबेल पुरस्कार मिलने के बावजूद भी बीजेपी नेता लगातार अभिजीत की आलोचना करने का प्रयास कर रहे हैं।