कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर मोदी सरकार को फिर घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ कोरोना वायरस देश के नए हिस्सों में तेजी से फैल रहा है। भारत सरकार के पास इससे निपटने का कोई प्लान नहीं है। प्रधानमंत्री खामोश हैं। उन्होंने महामारी के सामने आत्मसमर्पण और इससे निपटने से इंकार कर दिया है।”
पिछले 24 घंटे में 18552 केस सामने आए हैं। यह एक दिन में अब तक सबसे अधिक मामले हैं। शुक्रवार को 17 हजार 296 नए केस मिले थे। पिछले 24 घंटे में 384 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। भारत में अब तक 508953 केस सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में अब तक 2.95 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अभी भी 1.97 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक 15685 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
सबसे चिंता वाली बात दिल्ली की है। जहां हालात सुधर नहीं रहे हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में हर दिन उछाल देखा जा रहा है। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के तीन हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। शुक्रवार के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 3460 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। साथ ही दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 77240 तक पहुंच चुका है।