कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह यहां रुटीन चेकअप के लिए आईं है। सर गंगा राम अस्पताल दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. डी.एस. राणा के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज (गुरुवार) शाम 7 बजे सर गंगाराम अस्पताल में रेगुलर टेस्ट और जांच के लिए भर्ती कराया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। बता दें कि करीब छह महीने पहले भी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पेट दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था।
गौरतलब है कि सोनिया ने सोमवार सुबह पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के साथ बैठक भी की।
कई सदस्यों ने राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। रिपुन बोरा, पीएल पूनिया, छाया वर्मा तथा कुछ अन्य सदस्यों ने राहुल को फिर से अध्यक्ष बनाने की मांग दोहराई। लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के कई नेताओं ने उनसे इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया था लेकिन राहुल अपने फैसले से पीछे नहीं हटे थे।
कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष की एकलौती आवाज हैं जो वर्तमान में पीएम मोदी को टक्कर दे रहे हैं। नेताओं ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता भी यही चाहते हैं कि राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाया जाए।