2020 में लगतार मिल रही बुरी खबर के बीच आज शाम कांग्रेस पार्टी के लिए एक बुरी खबर सामने तब आई जब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया
राजीव त्यागी आज शाम एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और उन्हें गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहोशी की हालत में उन्हें यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह पचास वर्ष के थे।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से अपने नेता के निधन की जानकारी दी। ट्वीट में लिखा गया, “श्री राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन से हम बहुत दुखी हैं। एक कट्टर कांग्रेसी और एक सच्चे देशभक्त। दुःख की इस घड़ी में हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके परिवारों और दोस्तों के साथ हैं।”
राजीव त्यागी के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कॉंग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि व परिवार को संवेदनाएं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पिछले साल अक्टूबर में उन्हें उत्तर प्रदेश में अपना मीडिया प्रभारी नियुक्त किया था।
त्यागी कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता थे और उन्होंने पार्टी में विभिन्न क्षमताओं में काम किया था। उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मुंबई में मीडिया को संभालने की भी जिम्मेदारी दी गई थी।
कांग्रेस पार्टी के इस वरिष्ठ नेता के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों मुख्य रूप से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। इस बीच, टीवी पर चर्चा में राजीव त्यागी के साथ हिस्सा लेने वाले भी दुख व्यक्त कर रहे हैं।