कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन के दौरान कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच काफी सक्रिय दिख रही हैं। पहले सहारनपुर में किसान पंचायत को संबोधित कर उन्होंने किसान बिल को हर हाल में वापस लेने की पुरजोर मांग को उठाया तो वहीं आज बिजनौर में किसान पंचायत को संबोधित करेंगी।
यह किसान पंचायत बिजनौर जिले के चांदपुर में होगा।
किसान तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर पिछले साल 26 नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने उनकी दुर्दशा को उजागर करने के लिए अब ब्लॉक स्तरीय बैठकें शुरू कर दी हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, पार्टी के सभी नेताओं को किसानों की मांगों को उजागर करने का काम सौंपा गया है।
हम प्रदर्शनकारी किसानों के साथ तब तक खड़े रहेंगे जब तक कि कृषि कानून वापस नहीं ले लिए जाते।
प्रियंका गांधी इससे पहले बुधवार को सहारनपुर में किसानों को संबोधित कर चुकी हैं। चिल्खाना में एक ‘किसान पंचायत’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, जब कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी, तो हम तुरंत इन कृषि कानूनों को निरस्त कर देंगे। हम सभी किसानों के लिए एमएसपी भी सुनिश्चित करेंगे।
प्रियंका गांधी ने इससे पहले दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान दुर्घटना में मारे गए युवा किसान नवरीत सिंह के परिवार का दौरा किया था।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी लगातार कृषि कानून के खिलाफ रैली और प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं।