आज मेरठ के किसान पंचायत में गरजेंगी प्रियंका गांधी

केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन के 100 दिन हो चुके हैं फिर भी किसान और सरकार के बीच तपिश जारी है। इसी बीच आज कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी चौथी बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रण में गरजेंगी।

प्रियंका दोपहर 12 बजे सरधना विधानसभा के कैली गांव में किसानों के मन को टटोलेंगी और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए आशीर्वाद मांगेंगी। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से की है।

कैली गांव में किसान महापंचायत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। महापंचायत स्थल पर दो मंच तैयार किए गए हैं। एक मंच कांग्रेस के वीआईपी नेताओं के लिए तैयार किया गया है। जिस पर प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमाल लल्लू सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। दूसरे मंच पर स्थानीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने बताया कि इस महापंचायत के लिए आसपास के सभी गांवों से जनसमर्थन मिल रहा है।

किसान महापंचायत में प्रियंका के कद को देखते हुए भीड़ जुटाना कांग्रेसियों के लिए बड़ी चुनौती होगा। क्योंकि जिस क्षेत्र में कांग्रेस ने यह जनसभा रखी है, वहां किसान आंदोलन का कोई खास असर नजर नहीं आ रहा है। गांव कैली ठाकुर चौबीसी में आता है। इसके पास सिर्फ रुहांसा और सकौती गांव ऐसे हैं, जहां मुस्लिम और जाट बिरादरी के लोग हैं। बाकी गांव ठाकुर और गुर्जर बिरादरी के हैं। इस क्षेत्र में अभी तक भी किसान आंदोलन का कोई असर नजर नहीं आया है यही बड़ा कारण है कि प्रियंका इस क्षेत्र में सभा कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here