कांग्रेस में G-23 और पार्टी के हाईकमान एवं युवा नेताओं के बीच चल रहे मतभेदों की अटकलों के बीच कांग्रेस की युवा इकाई ने लोकसभा सांसद राहुल गांधी को दुबारा कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की प्रस्ताव पारित किया।
राहुल को पुनः अध्यक्ष बनाने की मुहिम के तहत यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में चल रही अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रस्ताव पारित किया कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया जाए। कुछ हफ्ते पहले ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने भी राहुल को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने का ऐसा ही प्रस्ताव पारित किया था।
यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि देश की मौजूदा परिस्थितियों में राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए.
प्रस्ताव में आगे कहा गया है कि यूथ कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है. हमें विश्वास है कि राहुल गांधी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन मजबूत होगा. उनकी नियुक्ति से देश भर के कार्यकर्ताओं ऊर्जा मिलेगी.
इससे पहले राहुल गांधी ने ही इस बैठक की शुरुआत की थी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों को धैर्य के साथ संगठन के लिए कार्य करने और आरएसएस की विचारधारा से बिना डरे लड़ने की नसीहत दी। उनके सामने भी यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर वापसी का आग्रह किया था।
कांग्रेस एलान कर चुकी है कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर कांग्रेस की कमान संभाल रही सोनिया गांधी की जगह पार्टी के पूर्णकालिक अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जून तक पूरी हो जाएगी। अब तक यह साफ नहीं है कि राहुल दुबारा पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने के लिए तैयार हैं या नहीं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव नतीजों की जिम्मेदारी लेते हुए मई 2019 में राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।