पिछले आठ महीनों से भी ज्यादा समय से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानो का आंदोलन संसद में चल रहे मानसून सत्र के बीच तेज हो गया है। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान इन दिनों जंतर-मतर पर ‘किसान संसद’ चला रहे हैं।
वहीं, किसानों के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे।
इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘मैं संसद में किसानों का संदेश लेकर आया हूं। मोदी सरकार किसानों की आवाज दबा रही है और संसद में कृषि कानूनों पर चर्चा नहीं होने दे रही। सरकार को किसान विरोधी इन तीनों काले कानूनों को निरस्त करना होगा। पूरा देश जानता है कि ये कानून केवल देश के 2-3 बड़े कारोबारियों के पक्ष में हैं।’
इसके अलावा राहुल गांधी ने ट्रैक्टर के साथ अपनी एक फोटो ट्वीट करते हुए लिखा “अगर खेत बेचने पर मजबूर करोगे, तो ट्रैक्टर संसद में चलेगा- सत्य की फ़सल उगाकर रहेंगे! कृषि-विरोधी क़ानून वापस लो। इस FarmersProtest हैशटैग का भी प्रयोग किया।