कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद ने कई बार मीडिया के पक्षपाती रवैया को लेकर अपना विरोध दर्ज किया है। कांग्रेस की छात्र संगठन एनएसयूआई के राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए भी राहुल गांधी ने मीडिया को फिर एक बार निशाने पर लिया। राहुल ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया।
राहुल ने कहा, हमने लद्दाख में दिल्ली के बराबर जमीन उठाकर चीन को दे दी।
राहुल ने मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा जब पुलवामा होता है तो मोदी ग्रेट हैं, और मुंबई हमला होता है तो मनमोहन सिंह बेकार बता दिए जाते हैं। जब पुलवामा हमला हुआ तो मीडिया कुछ नहीं बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मीडिया से ज्यादा उम्मीद मत करना।
एनएसयूआई ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी संकल्प का आयोजन किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एनएसयूआई की तारीफ की। उन्होंने कहा, आप सब लोगों ने कोरोना काल में बहुत अच्छा कार्य किया। आप सब बहुत ताकतवर हैं। आप बब्बर शेर है, देश भर के तमाम छात्रों में गुस्सा है और आप सभी को देश भर के तमाम छात्रों के साथ खड़े रहना है।
एनएसयूआई के कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए हैं। पदाधिकारियों ने देश भर में एनएसयूआई द्वारा किए गए कार्यों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीटा डिसुजा, सांसद एवं दिल्ली प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रोफेसर राजीव गौड़ा, पार्टी महासचिव एवं राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने भी कार्यकारिणी को संबोधित किया।