पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी 89 साल के मनमोहन सिंह को बुधवार शाम 6:15 बजे एम्स के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में एडमिट कराया गया है।
मनमोहन सिंह को फीवर और कमजोरी की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें एम्स ले जाया गया। एम्स में पूर्व प्रधानमंत्री को एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में रखा गया है, जिसे एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया लीड कर रहे हैं। रणदीप गुलेरिया की निगरानी में ही मनमोहन सिंह का इलाज किया जा रहा है।
प्राप्त सूचना के अनुसार ”दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था और आज चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें भर्ती कराया गया है। उन्हें चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है और चिंता की कोई बात नहीं है।”
मनमोहन सिंह की तबियत के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस के नेता प्रणव झा ने बताया है कि मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य के संबंध में अफवाहों पर गौर ना करें, उनकी हालत स्थिर है, उन्हें बस रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। हम आवश्यकतानुसार किसी भी अपडेट को साझा करेंगे। हम मीडिया में अपने दोस्तों को उनकी चिंता के लिए धन्यवाद देते हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले भी मनमोहन सिंह को इसी साल अप्रैल में एम्स में भर्ती कराया गया था। उस वक्त वो कोरोना संक्रमित हो गए थे। बाद में जांच के बाद उन्हें जल्दी डिस्चार्ज कर दिया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री ने चार मार्च और तीन अप्रैल को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ली थी।
पिछले साल एक नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। एम्स में 2009 में उनकी हृदय बाईपास सर्जरी हुई थी।