राजस्थान में लंबे समय से कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही है लेकिन किसी-न-किसी कारण से यह अब तक रुका हुआ है। ऐसे में कल शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ बैठक की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब सवा घंटे तक चली इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी , संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन भी मौजूद थे।
इस बैठक के बारे में पूछे जाने पर माकन ने संवाददाताओं से कहा, ”कुछ विशेष नहीं था। यह सामान्य बैठक थी।”
मगर माना जा रहा है कि इस बैठक में संभावित कैबिनेट विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई है। राजस्थान में गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच तनातनी से जुड़ा विवाद पिछले कई महीनों से चल रहा है। पायलट गुट की मांग रही है कि उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार और बोर्डों-निगमों की नियुक्तियों में सम्मानजनक हिस्सेदारी दी जाए। जबकि गहलोत गुट अधिक से अधिक हिस्सेदारी अपने पास रखना चाहता है। ऐसे में ये बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है और माना जा रहा है कि अब जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा।