PM मोदी के गढ़ वारणसी में गरजे सचिन पायलट, BJP सरकारों पर किया हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा नीत सरकारों पर जनता को छलने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने जनता से किया गया कोई वादा पूरा नहीं किया है।

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने कटाक्ष करते हुए कहा, ”भाजपा सरकार किसानों की आय दुगनी करने कि बात करती थी। किसानों की आय दोगुनी तो नहीं हुई, लेकिन दर्द सौ गुना जरूर बढ़ गया है। भाजपा सरकार ने तो कृषि उपकरणों पर भी कर लगा दिया है।” उन्होंने कहा कि पहले डीएपी की बोरी 50 किलोग्राम की आती थी, अब 45 किलोग्राम की हो गयी है।

उन्होंने कहा कि किसान इसका जवाब जरूर देगी और 10 मार्च को भाजपा की विदाई तय है। पायलट ने केन्द्र की भाजपा नीत सरकार पर सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने (विनिवेश) का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे किसान, नौजवान, चिकित्सा, रोजगार, महिलाओं और शिक्षा से कोई लेना-देना नहीं है।

वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पांच साल के शासन में सिर्फ हिन्दू-मुसलमान और मंदिर-मस्जिद की बात की है और विज्ञापन छपवाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी मुद्दों पर बात नहीं करती है वह जनता को सिर्फ विवादों में उलझाए रखने में यकीन करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सत्ता में नहीं है, लेकिन प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व में वह लगातार जनता के पक्ष में और अन्याय के विरोध में खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सभी के लिए कुछ न कुछ अच्छा जरूर है और वह चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here