उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार 59 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। वहीं इस दौरान कई नेताओं के टिकट कट गए हैं। इसके बाद से उन्होंने बागी तेवर दिखाने शुरु कर दिए हैं। टिकट कटने के बाद पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ 39 पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों की मानें तो शेर सिंह अपने समर्थकों के साथ जल्द कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। पूर्व विधायक गड़िया ने बागेश्वर जिले की कपकोट सीट से अपनी दावेदारी पेश की थी। उन्होंने भाजपा से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने उनपर भरोसा नहीं जताया और उनकी जगह सुरेश गड़िया को कपकोट विधानसभा से प्रत्याशी बनाया है।
इस्तीफा देने वाले गड़िया और उनके समर्थकों का आरोप है कि रायशुमारी की प्रक्रिया के बावजूद पार्टी हाईकमान ने टिकट वितरण में अपनी ही मर्जी चलाई। इससे दुखी होकर अपने पदों और भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। सभी ने अपना सामूहिक इस्तीफा भाजपा के जिलाध्यक्ष को भेजा है।