उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज दूसरी सूची जारी की। दूसरी सूची में कुल 41 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इन में 16 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इनमे से गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद विधानसभा से कांग्रेस के दिग्गज प्रवक्ता रहे स्व राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को मैदान में उतारा है।
इससे पहले कांग्रेस 125 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पहली सूची में 50 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया था। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की शुरुआत करते हुए घोषणा की थी कि विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिये जाएंगे।
दूसरी लिस्ट में आगरा छावनी से सिकंदर वाल्मीकि को प्रत्याशी बनाया गया है। अरुण वाल्मीकि के परिवार से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा था कि वाल्मीकि समाज को कांग्रेस टिकट देगी। वहीं फतेहपुर सीकरी से हेमंत चाहर को टिकट दिया गया है।
बता दें कि पहली सूची में कांग्रेस ने अपने 125 उम्मीदवारों की सूची 13 जनवरी को जारी की थी। पहली सूची में 50 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था। पहली सूची में पार्टी विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही सदफ़ जाफर और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत कई अन्य महिलाओं को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। इसके अलावा उन्नाव से गैंगरेप मामले की पीड़िता की मां आशा सिंह को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।