उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की 70 सीटों के लिए मतदान सम्पूर्ण हो चुकें हैं जिनका परिणाम 10 मार्च को आएगा। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए जुट गए है।
प्रयागराज में पहुंचे हरीश रावत ने प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कस्ते हुए कहा कि, हार के बाद वह उन्हें उत्तराखंड में एक कुटिया के लिए जमीन देंगे। उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि योगी आदित्यनाथ का जन्म अविभाजित यूपी के पौड़ी गढ़वाल में हुआ था, जो अब उत्तराखंड में है।
हरीश रावत ने उत्तरखंड में भाजपा की हार का दावा किया। उन्होंने कहा राज्य में इस बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलेगा। रावत ने कहा, भाजपा को उत्तराखंड से भगा दिया गया है और अब यूपी में भी ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यूपी की जनता के अरमान को रौंदने का काम किया। ऐसे में अब कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। रावत ने आरोप लगाया कि, कोरोनाकाल में लोग बेबसी के हाल में घरों को लौटें थे। सरकार ने लोगों को मरने के लिए सड़कों पर छोड़ दिया था।
रावत ने सिविल लाइंस के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, जनता अब नेहरू परिवार की पांचवीं पीढ़ी जनता से सेवा का मौका मांग रही है। उन्होंने कहा कि मोती लाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के बाद अब राहुल और प्रियंका जनता की सेवा के लिए सामने आए हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में चार चरणों के चुनाव हो चुकें हैं और बाकि के चरणों के लिए नेता प्रचार कर रहें है और एक दूसरे के खिलाफ बयान बाजी कर रहें हैं।