पंजाब कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कल पूरा दिन चर्चाओं का बाज़ार गर्म रहा। पहले कहा गया कि देर शाम को कांग्रेस हाईकमान सी.एम. चेहरे का ऐलान कर सकती है लेकिन शाम ढलते-ढलते यह सस्पेंस कांग्रेस के थीम सॉन्ग के साथ सम्पन्न हो गया।
देर शाम पंजाब कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर कैंपेन सोंग भाव प्रचार गीत लांच कर दिया। उधर, दिन भर सी.एम. चेहरे को लेकर चली अटकलों के दरमियान पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक रंग बदलते रहे। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू अचानक अपने सभी प्रचार कार्यक्रम छोड़ कर श्री माता वैष्णो देवी के दर पर माथा टेकने रवाना हो गए। एक बातचीत दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान सर्वे करवा रही है, जल्द ही सी.एम. चेहरे का ऐलान कर दिया जाएगा। हाईकमान जिसे भी सी.एम. चेहरा घोषित करेगी, सभी उसका समर्थन करेंगे।
चन्नी ने यह भी कहा कि इस बार पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी के आधार पर नहीं बल्कि चेहरे के आधार पर वोटिंग होगी। जनता उसे ही चुनेगी, जिसके पास मुख्यमंत्री का बेहतर चेहरा होगा। सिद्धू ने बाकायदा ट्वीट कर अपनी धार्मिक यात्रा का विवरण दिया। साथ ही यह भी लिखा कि दुश्मन का नाश करके, पंजाब का कल्याण करो। सत्य धर्म की स्थापना करो। इससे पहले उन्होंने लिखा कि धर्म के इस रास्ते पर माता की अनन्त कृपा ने हमेशा मेरी रक्षा की है। आशीर्वाद के लिए उनके चरण कमलों में। उधर, शाम ढलचे-ढलते सी.एम. चेहरे को लेकर कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर कहा गया कि पंजाब में सी.एम. चेहरे को लेकर सर्वे मुकम्मल होने की कगार पर है। साथ ही बताया गया कि इस हफ्ते राहुल गांधी पंजाब के सी.एम. चेहरे का ऐलान कर देंगे। पंजाब कांग्रेस प्रचार कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने भी कहा कि कांग्रेस हाईकमान को पंजाब के सी.एम. चेहरे का ऐलान जल्द से जल्द कर देना चाहिए। हालांकि इससे पहले सुनील जाखड़ सामूहिक हिस्सेदारी से बिना सी.एम. चेहरे के चुनाव मैदान में उतरने की वकालत करते रहे हैं।