रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच राहुल गांधी ने की केंद्र सरकार से बड़ी अपील, छात्रों का वीडियो भी किया ट्वीट

रूस और यूक्रेन के बीच दो दिनों से जारी भीषण युद्ध के कारण फंसे भारतीय छात्रों को जल्द से जल्द निकालने के लिए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से अपील की है। राहुल गांधी ने शनिवार सुबह एक वीडियो ट्वीट किया है।

वीडियो में कुछ भारतीय छात्र यूक्रेन में एक बंकर में छिपे दिख रहे हैं। राहुल ने ट्वीट में कहा कि बंकरों में भारतीय छात्रों के दृश्य विचलित करने वाले हैं। कई छात्र पूर्वी यूक्रेन में फंसे हुए हैं, जहां भारी हमले हो रहे हैं। मेरे विचार उनके चिंतित परिवार के सदस्यों के साथ हैं। फिर से, मैं भारत सरकार से तत्काल निकासी को अंजाम देने की अपील करता हूं।

रूस के सैन्य हमले के बाद से यूक्रेन में स्थिति बिगड़ती जा रही है। इस बीच भारत सहित तमाम देश अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि भारत सरकार को यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए तेजी से काम करना चाहिए। इससे पहले भी उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि यूक्रेन में फंसे 20 हजार भारतीयों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सरकार को उनकी निकासी में तेजी लानी चाहिए।

इससे पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि, युक्रेन के मसले पर भारत की कूटनीति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कमजोर साबित हुई है। ये पहली बार है जब आपदा में फंसे छात्रों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं। रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर पिछले दो दिन से हमले कर रहा है। सरकारी इमारतों के निकट गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें गूंज रही थी। रूस की इस कार्रवाई से यूरोप में व्यापक युद्ध की आशंकाएं पैदा हो गई है और साथ ही उसे रोकने के लिए दुनियाभर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here