सोनिया गांधी ने चुनावी नतीजों पर मंथन के लिए बुलाई कांग्रेस कार्यसमिति की अहम बैठक

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर चर्चा के लिए सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है।

रविवार, 13 मार्च को शाम 4 बजे दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर में बैठक होगी। बैठक का मकसद पांच राज्यों में कांग्रेस को मिली हार पर मंथन और वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करना है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आए है। पांचों ही राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी ज्यादा खराब रहा है। एक भी राज्य में कांग्रेस जीत तो दूर मुख्य मुकाबले में आने में भी नाकाम रही है। ऐसे में इन नतीजों पर चर्चा के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ये बैठक बुलाई है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में भाजपा और एक में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। कांग्रेस की बात की जाए तो पंजाब में कांग्रेस सत्ता में थी लेकिन इस चुनाव में राज्य की 117 में से महज 18 सीट जीत सकी है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई है।

गोवा और मणिपुर में बीते चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इस चुनाव में गोवा में कांग्रेस को 40 में से 11 सीटें ही मिली हैं। वहीं मणिपुर में 60 सीटों में से सिर्फ पांच सीट कांग्रेस जीत सकी है। उत्तराखंड में भी कांग्रेस भाजपा से बुरी तरह हारी है। राज्य की 70 सीटों में कांग्रेस 19 ही जीत सकी है।

कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश में तो काफी बुरी गत हुई है। राज्य में कांग्रेस के 90 फीसदी से ज्यादा कैंडिडेट जमानत नहीं बचा सके हैं। राज्य की 403 में से कांग्रेस के सिर्फ दो विधायक जीते हैं। जो उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के इतिहास में कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन है।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here