पंजाब पुलिस के नोटिस से डरने वाली नहीं हूँ : अलका लांबा

Alka Lamba

पंजाब पुलिस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भड़काऊ बयानों को लेकर कांग्रेस नेता अलका लांबा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने साफ कर दिया है कि वो पंजाब पुलिस के नोटिस से डरने वाली नहीं है। इसके साथ ही अलका लांबा ने कहा है कि वो 26 अप्रैल को पंजाब पुलिस के सामने हाजिर हो जाएंगीं।

पंजाब पुलिस के द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा है कि वह पुलिस के सामने जरूर पेश होंगी। अलका ने ट्वीट कर कहा है कि वह 26 अप्रैल को सुबह 9 बजे एसआईटी के सामने पेश होने के लिए पंजाब के रूपनगर जाएंगी।

पंजाब पुलिस बुधवार को अलका लांबा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची थी और वहां उन्हें नोटिस दिया था। अलका लांबा ने कहा है कि वह डरने वालों में से नहीं हैं और उन्होंने जो कुछ भी कहा है उस पर हमेशा अडिग रहेंगी। पंजाब पुलिस बुधवार को अलका लांबा के साथ ही आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास के घर भी पहुंची थी।

अलका लांबा ने ट्वीट कर यह भी बताया है कि पंजाब पुलिस के द्वारा कानूनी नोटिस दिए जाने के बाद पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू सहित तमाम आला नेताओं ने उन्हें फोन किया है और साथ चलने की बात कही है।

पंजाब पुलिस के नोटिस में अलका लांबा से रूपनगर के सदर पुलिस थाने में पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा गया है। उनसे जांच के लिए जरूरी दस्तावेज दिखाने के लिए भी कहा गया है। यह भी कहा गया है कि उन्हें पंजाब पुलिस की एसआईटी के सामने पेश होना होगा और अगर वह पेश नहीं हुईं तो उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here