कर्नाटक के उडुपी में मंगलवार को मृत मिले ठेकेदार संतोष पाटिल का दोस्तों को भेजा आखिरी मैसेज और एक सुसाइड नोट सामने आया है। होटल में मृत मिले संतोष पाटिल नेकर्नाटक सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राजमंत्री केएस ईश्वरप्पा को अपनी मौत का जिम्मेदार कहा है।
ठेकेदार संतोष पाटिल ने हाल ही में कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा पर 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया था, वो मंगलवार सुबह उडुपी के एक होटल में मृत मिले। संतोष पाटिल ने कथित तौर पर अपनी मौत से कुछ देर पहले ही सुबह मीडिया और अपने दोस्तों को एक मैसेज भैजा था, जिसमें उन्होंने लिखा कि वो अपना जीवन समाप्त करने जा रहे हैं और इसके लिए ईश्वरप्पा जिम्मेदार हैं।
पाटिल ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से अपनी पत्नी और बच्चों की मदद करने का आग्रह किया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक ट्वीट में संतोष पाटिल की मौत से जुड़ी खबर को शेयर करते हुए लिखा है, कर्नाटक में भाजपा की 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार ने अपने ही कार्यकर्ता के जीवन को लील लिया। पीड़िता की पीएम से गुहार का भी कोई फायदा नही हुआ।
संतोष पाटिल की मौत को लेकर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ईश्वरप्पा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एक हत्या है। ईश्वरप्पा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी ईश्वरप्पा को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने और गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं केएस ईश्वरप्पा ने कह दिया है कि इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता है।