जिला निर्वाचन पदाधिकारी छवि रंजन ने कहा कि रांची के मांडर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को 23517 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की को 95062 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को 71545 वोट मिले।
आय से अधिक संपत्ति मामले में बंधु तिर्की को तीन साल कैद की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के चलते 23 जून को मांडर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ
मांडर में वैसे तो 14 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय देव कुमार धान के बीच होना तय माना जा रहा है। 23 जून को हुए मतदान में 2 लाख 17 हजार मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे से रांची के पंडरा कृषि बाजार मंडी में मांडर उपचुनाव की मतगणना भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हुई। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। 23 जून को इस सीट पर हुए मतदान में कुल 61.25 प्रतिशत मतदान हुआ था।