मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में चार सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हल्ला बोल रैली करने की घोषणा की है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इस रैली को सफल बनाने की कोशिश में जुट गई है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी रैली को संबोधित करेंगे।
इसी कड़ी में मंगलवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आसमान छूती महंगाई, बेरोजगारी व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार लड़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी की अध्यक्षता में चार सितंबर को रामलीला मैदान में होने वाली हल्ला बोल रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, सभी प्रदेशों के पदाधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। हल्ला बोल रैली की तैयारी के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रत्येक जिले में चौपाल का आयोजन कर रही है।
चौपाल में लोगों से केंद्र सरकार की गलत नीतियों और महंगाई पर चर्चा कर उन्हें रैली में शामिल होने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि नई आबकारी नीति में भ्रष्टाचार सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आदेश पर निर्णय लेने वाले अधिकारियों को निलंबित कर रही है। सरकार उपमुख्यमंत्री की गिरफ्तारी से बच रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से उपमुख्यमंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की। आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बचाने की कोिशश कर रहे हैं। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर, कृष्णा तीरथ, पूर्व सांसद डा. उदित राज, रमेश कुमार और जेके जैन, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डा. नरेंद्र नाथ और रमाकांत गोस्वामी, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप गोस्वामी प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल सहित अन्य नेता मौजूद थे।