कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए जल्दी ही विदेश जाएंगी और प्रियंका गांधी तथा राहुल गांधी भी उनके साथ होंगे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार रात यह जानकारी दी. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि सोनिया कब विदेश जाएंगी. रमेश ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 4 सितंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली में मौजूद रहेंगे. उन्होंने एक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए विदेश जाएंगी. वह अपनी बीमार मां को भी देखने जाएंगी और फिर स्वदेश लौटेंगी.
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी कांग्रेस अध्यक्ष के साथ होंगे. राहुल गांधी चार सितंबर को कांग्रेस की रैली को संबोधित करेंगे. सोनिया गांधी हाल ही में कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं. चिकित्सा जांच के लिए उनका विदेश दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कांग्रेस ‘भारत जोड़ो’ यात्रा और पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तैयारी कर रही है।
सोनिया गांधी पूर्व में भी मेडिकल चेकअप के लिए विदेश जाती रही हैं।