राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को दिल्ली में होंगे। गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने की संभावना है।
इससे पहले सीएम गहलोत ने कांग्रेस विधायकों की देर रात बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि अशोक गहलोत कांग्रसे अध्यक्ष पद के लिए अपनी फील्डिंग जमा रहे हैं। बुधवार को दिल्ली में मुलाकात के बाद अशोक गहलोत, राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी की अध्यक्ष पद के लिए ‘नो’ के बाद अशोक गहलोत उन्हें मनाने के लिए जाएंगे। अगर राहुल गांधी नहीं मानते हैं तो फिर 26 सितंबर को अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर देंगे।
गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष पद का उम्मीदवार माना जा रहा है। कांग्रेस के सूत्रों ने इस बारे में संभावना जताई है। राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं। वह इसे छोड़ कर दिल्ली नहीं लौटेंगे। अभी यह यात्रा केरल में पहुंची हुई है। 29 सितंबर को यह कर्नाटक में पहुंच जाएगी। राहुल गांधी नहीं चाहते कि जो माहौल बन रहा है, उसे अध्यक्ष पद के लिए छोड़कर वापस दिल्ली जाएं क्योंकि राहुल गांधी पहले ही अध्यक्ष पद के लिए इनकार कर चुके हैं।