भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी हुई शामिल !

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा बुधवार सुबह मध्य प्रदेश पहुंची थी जहां पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ सहित कांग्रेस के तमाम विधायकों और नेताओं ने इसका जोरदार स्वागत किया था।

पिछले महीने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस यात्रा में शामिल हुई थीं और उनके इस यात्रा में शामिल होने से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह दिखाई दिया था। कांग्रेस कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा 3570 किमी. लंबी है।

मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में विधानसभा की 230 सीटें हैं। राहुल गांधी ने मालवा और निमाड़ के जिस मार्ग को अपनी यात्रा का मुख्य हिस्सा बनाया है उसमें कुल 66 सीटें हैं। आमतौर पर इस क्षेत्र में ज़्यादा सीटें जीतने वाला दल ही राज्य की सत्ता को हासिल करता रहा है। वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने इन सीटों में से भाजपा से 3 सीटें कम पाकर भी सरकार बनाई थी।

कांग्रेस की नज़र मध्य प्रदेश में सत्ता का मार्ग प्रशस्त करने वाले अनुसूचित जनजाति की 47 और अनुसूचित जाति वर्ग की 35 सीटों पर भी है। ये दो गणित (मालवा-निमाड़ की 66 और एससी-एसटी की 82 सीटों में ज़्यादा सीटें पाना) सत्तारूढ़ दल भाजपा और अन्य दलों की रणनीति का भी हिस्सा होते हैं।

भारत जोड़ो यात्रा 12 दिन में मध्य प्रदेश के 6 जिलों- बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। मध्य प्रदेश में राहुल 370 किलोमीटर पैदल चलेंगे। यात्रा 4 दिसंबर को आगर होते हुए राजस्थान में एंट्री करेगी।

भारत जोड़ो यात्रा अब तक केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र में कई जगहों का सफर तय कर चुकी है। कांग्रेस ने कहा है कि यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह अदभुत है और सभी राज्यों के लोगों का जोरदार समर्थन इस यात्रा को मिल रहा है।

कांग्रेस ने एलान किया है कि वह ऐसी ही और यात्राएं निकालेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भारत जोड़ो यात्रा निकालने के अलावा गुजरात के पोरबंदर से अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड तक एक और यात्रा निकालने की योजना पार्टी बना रही है।

भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव का सफर तय कर चुकी है। अब यह यात्रा इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट से होते हुए जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंचेगी और यहीं पर यात्रा को समाप्त होना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here