कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा रहे नेताओं पर राहुल गांधी ने गुरुवार को टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोग भ्रष्ट नेता 10 करोड़, 50 करोड़ लेकर भाजपा में जा रहे हैं, वह कांग्रेस से भ्रष्टाचार के दाग को धो रहे हैं। राहुल गांधी ने यह बात महाराष्ट्र के अकोला में मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं। गौरतलब है कि 8 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में 26 कांग्रेसी नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे।
राहुल गांधी से एक पत्रकार ने पूछा कि आखिर क्यों कांग्रेस को छोड़कर तमाम नेता भाजपा में जा रहे हैं। इसके जवाब में राहुल ने कहा कि मेरे साथ शिवसेना के एक नेता चल रहे थे। उन्होंने बताया कि मुझे भाजपा ज्वॉइन करने के लिए 50 करोड़ रुपए ऑफर हुए थे। राहुल के मुताबिक शिवसेना नेता ने वह ऑफर कुबूल नहीं, किया लेकिन बहुत से अन्य लोगों ने इसे स्वीकार कर लिया। आगे राहुल ने कहा कि इस तरह से विपक्ष स्वच्छ हो रहा है, क्योंकि भ्रष्ट नेता यहां से जा रहे हैं। उन्होंने इसे अच्छा बताया और कहा कि भारत में बहुत से ईमानदार लोग हैं जो कांग्रेस ज्वॉइन करेंगे।
2024 लोकसभा चुनाव के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि यह केवल कांग्रेस व अन्य दलों के बीच की लड़ाई नहीं है। भाजपा ने प्रेस और संस्थाओं का कंट्रोल कर रखा है। राहुल ने कहा कि भाजपा ने ज्यूडिशियरी पर भी दबाव बना रखा है। इसलिए केवल दो दलों के बीच के संघर्ष का परसेप्शन बदलना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि हमने हर वाजिब ढंग से आवाज उठाने की कोशिश की। हमने संसद में नोटबंदी, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना, चीन समेत विभिन्न मुद्दों पर बात रखने की कोशिश की, लेकिन हमारा माइक बंद कर दिया जाता था। इसलिए हमने इस यात्रा का विकल्प चुना, क्योंकि हमारे पास अपनी आवाज उठाने का कोई विकल्प नहीं था।
राहुल गांधी ने इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अगर यह यात्रा जरूरी नहीं होती तो लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इससे जुड़ते नहीं। राहुल ने कहा कि पिछले 8 साल से देश में डर, घृणा और हिंसा का माहौल है। भाजपा के नेता किसानों और युवाओं की बात नहीं करते। अगर यह लोग उनसे बात करते तो उन्हें पता होता कि महंगाई और बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। किसानों को उनके परिश्रम का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के उत्तर प्रदेश से गुजरने पर राहुल ने कहा कि मुझे नहीं पता कि किसने यह बात कही कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश से नहीं गुजरेगी। यह गलत सूचना है। उन्होंने कहा कि हम पांच दिन तक यूपी में रहेंगे और इस दौरान दो से तीन जिलों में जाएंगे।