केंद्र सरकार की विवादित कृषि कानून को लेकर 50 दिन से चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच आज कांग्रेस पार्टी ने किसान अधिकार दिवस मनाया जिसमें दिल्ली में कांग्रेस ने किसान अधिकार मार्च निकाला जिसका नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया।
इस दौरान कृषि कानूनों को वापस लेने और एमएसपी पर कानून की मांग को लेकर दिल्ली कांग्रेस ने उपराज्यपाल के निवास का घेराव किया गया।
इस घेराव कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिल्ली कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी कुमार सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कटीली तारों से उलझ कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अलका लांबा का हाथ कट गया। अलका लांबा का हाथ कटने के बाद माहौल पूरी तरह से बदल गया। उसके बाद पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हो गई।
प्रदर्शन के दौरान अलका लांबा ने कहा कि मेरे हाथ से बह रहा खून किसानों के सम्मान में बह रहा है। पुलिस द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दबाने के लिए कटीले तार लगाए गए हैं, जो आज से पहले कभी नहीं हुआ। हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और अपनी मांग को लेकर उपराज्यपाल से मिलना चाहते थे, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा हमारे साथ अपराधी की तरह व्यवहार किया जा रहा है और प्रदर्शन के दौरान ही मेरा हाथ तक कट गया।