कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के हर घटना पर नजर बनाए हुए और हर घटना के बाद सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल करने का मौका नही गंवा रही है।
प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता सत्ता के नशे में चूर हैं क्योंकि वे लोग अपनी ड्यूटी करने पर सरकारी कर्मचारियों की पिटाई कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इन नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी।
प्रियंका ने ट्विटर पर कहा कि कोई भाजपा का नेता किसी सरकारी कर्मचारी को क्रिकेट के बल्ले से पीटता है, तो कोई दूसरा टोल शुल्क मांगने पर फायरिंग कर लाठी-डंडे चलाता है।
भाजपा सांसद एवं अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष राम शंकर कठेरिया के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा एक टोल चौकी पर हवा में गोलियां चलाने और कर्मचारियों की कथित तौर पर पिटाई करने का मामला सामने आने के बाद प्रियंका गांधी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा ”चुनाव जीतकर भाजपा के नेताओं को जनता की सेवा करनी थी, मगर वे कर्मचारियों की पिटाई कर रहे हैं।कोई सत्ता की हनक में बल्ले से पीटता है, तो कोई टोल शुल्क माँगने पर फायरिंग कर लाठी-डंडे चलाता है।”
प्रियंका ने इस घटना को लेकर बीजेपी और यूपी सरकार से सवाल किया कि ”क्या इन लोगों पर सख़्त कार्रवाई की सम्भावना है ?”
प्रियंका गांधी यूपी सरकार को आड़े हाथों लेने का कोई मौका नही छोड़ रही है और बीजेपी नेता कोई न कोई गलत करके उन्हें मौका दे ही देते हैं।