
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।हालांकि कांग्रेस विधायक दल ने बुधवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री चयन करने का अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंप दिया।
मध्य प्रदेश, राजस्थान के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों ने बुधवार को एक प्रस्ताव पारित किया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी जिसे भी विधायक दल का नेता चुनेंगे, वह उन्हें स्वीकार होगा। इससे पहले भोपाल में पार्टी के विधायकों ने बुधवार की शाम को इस आशय का एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित किया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया, पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अधिकार दिया है कि वे मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला करें।
वहीं राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के दो दावेदारों- पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट को लेकर कांग्रेस आलाकमान उलझन में फंस गया है। कांग्रेस विधायक दल की बुधवार को यहां हुई बैठक में मुख्यमंत्री चयन का अधिकार राहुल गांधी को सौंप दिया गया। कांग्रेस के पर्यवेक्षक बन कर आए राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिन भर यहां कांग्रेस के नए विधायकों से रायशुमारी कर एक आमराय बनाने की कोशिश की गई। आमराय नहीं बनने के बाद वेणुगोपाल ने अब फैसला किया कि वे गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिल कर उन्हें पूरी जानकारी देंगे। इसके बाद ही प्रदेश में नए मुख्यमंत्री का फैसला होगा।
उधर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों ने बुधवार रात एक प्रस्ताव पारित किया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी जिसे भी विधायक दल का नेता चुनेंगे, वह उन्हें स्वीकार होगा। कांग्रेस के पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि कांग्रेस विधायकों ने प्रस्ताव पास किया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जिसे भी विधायक दल का नेता चुनेंगे उन्हें स्वीकार होगा। लेकिन आंतरिक लोकतंत्र को ध्यान में रखते हुए यहां सभी नव-निर्वाचित विधायकों से रायशुमारी ली जा रही है। इसके बाद नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा जाएगा।
राज्य में कांग्रेस को 15 वर्षों के बाद बड़ी जीत दिलाने में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की भूमिका को महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। सिंहदेव और बघेल मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।
MP Breaking News