दोनो नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत, बीजेपी को झटका

लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने वाली कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं के लिए खुश होने का छोटा मौका मिला है दरसल श्रीनगर और बाजपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा को झटका लगा है। दोनों ही निकायों में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। श्रीनगर में पूनम तिवाड़ी और बाजपुर में गुरजीत सिंह गित्ते निर्वाचित हुए। सभासद पदों पर निर्दलीयों का दबदबा रहा।

श्रीनगर नगरपालिका का अध्यक्ष पद इस बार महिला आरक्षित था। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही चार अन्य यहां मैदान में थे। इनमें से कांग्रेस की पूनम तिवाड़ी ने 4413 मत हासिल कर भाजपा की सरोजनी रावत को 638 मतों से पराजित किया। सरोजनी रावत को 3775 मत मिले। सभासद के 13 पदों में से पांच भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में आई, जबकि सात पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की।

वहीं बाजपुर नगरपालिका में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के गुरजीत सिंह गित्ते के सिर जीत का सेहरा बंधा। उन्होंने भाजपा के राजकुमार को 2990 मतों से हराया। राजकुमार को 6035 वोट मिले। इस पद पर पांच प्रत्याशी मैदान में थे। यहां सभासद के 13 पदों में से सात निर्दलीयों के खाते में आए, जबकि तीन-तीन सीटें भाजपा और कांग्रेस की झोली में गईं। दोनों ही निकायों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने से कांग्रेसी उत्साहित हैं।
लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की सभी सीट बीजेपी ने जीती थी और प्रदेश में भी बीजेपी की ही सरकार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here