
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र में अपने चुनावी अभियान को शुरू करने के बाद आज हरियाणा में चुनावी अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान राहुल पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर मनोहर लाल खट्टर सरकार और मोदी सरकार को निशाने पर लेंगे। राहुल इस दौरान हरियाणा के पूर्वर्ती कांग्रेस सरकार के कामों का भी विश्लेषण करेंगे। इस विधानसभा चुनाव में में में राहुल का यह पहला चुनावी सभा होगा।
राहुल गांधी नूंह क्षेत्र से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे। यहां राहुल पहली चुनावी रैली करेंगे।
कांग्रेसी प्रत्याशियों को अपने राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी से ढेरों उम्मीदें हैं। राहुल 14 अक्तूबर की दोपहर तीन बजे नूंह में एक रैली को संबोधित करेंगे। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष व सांसद कुमारी सैलजा, हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता व पूर्व सीएम हुड्डा व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी रैली में भाग लेंगे।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि हरियाणा विधान सभा चुनावों के लिए राहुल गांधी की यह पहली रैली है। उन्होंने कहा, हरियाणा, विशेषकर नूंह क्षेत्र के लोगों में राहुल गांधी की रैली को लेकर भारी उत्साह है। डॉ. चौधरी ने बताया कि राहुल राज्य में अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस पार्टी के लिए जोर-शोर से प्रचार करेंगे।
अगले चुनावी दौरों की जानकारी शीघ्र दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव ने बताया कि पार्टी के सभी स्टार प्रचारक पार्टी उम्मीदवारों की मांग के अनुसार हरियाणा में प्रचार के लिए पहुंच रहे हैं।
90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा और परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। अभी प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। जबकि इससे पहले 10 सालों तक कांग्रेस की सरकार थी।