कल गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगी सोनिया गांधी

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष में कांग्रेस पार्टी देश भर में कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है इन कार्यक्रमों में पदयात्रा सबसे प्रमुख है कांग्रेस एक बार फिर गांधी के जरिए देश के लोगों के बीच पहुंच रही है और खुद को जनता से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस की दिल्ली इकाई अपने कार्यालय से राजघाट तक पदयात्रा निकालेगी जिसमें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी।

दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सोनिया गांधी भी इस पद यात्रा में शामिल होंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष स्वास्थ्य कारणों से इस यात्रा में राजघाट के निकट से शामिल होंगी और थोड़ी देर पैदल चलेंगी।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने कहा कि यह पदयात्रा पार्टी कार्यालय से सुबह साढ़े नौ बजे आरंभ होगी और इसका समापन राजघाट पर होगा।

वहां पार्टी अध्यक्ष पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाएंगी।

उन्होंने कहा कि सोनिया के अलावा इसमें कांग्रेस के कई दूसरे वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साबरमती में गांधी आश्रम से निकाली जाने वाली ‘पदयात्रा’ में हिस्सा लेने की संभावना है।

गौरतलब है कि गांधी जयंती पर कांग्रेस पूरे देश में पदयात्रा निकाल रही है।

जिस तरह से पिछले कुछ समय में बीजेपी और आरएसएस जुड़े लोगों ने गांधी और गांधीवादी विचारधारा पर हमला किया उसके बाद कांग्रेस पद यात्रा के जरिए गांधी और गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास में है तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने भी गांधी को लेकर कई कार्यक्रमों का आयोजन करने की बात कह चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here