तो इन 4 मे से कोई 1 बनेगा अगला कांग्रेस अध्यक्ष

राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद से ही नए अध्यक्ष के लिए लगातार कयास लगाए जा रहे हैं पर अब राहुल गांधी के साफ इंकार करने के बाद ये स्पष्ट हो गया है कि वो अध्यक्ष नही बने रहना चाहते हैं।

राहुल ने स्पष्ट कहा कि वे लोकसभा चुनावों में हार की जिम्मेदारी लेते हैं और अब वे अध्यक्ष नहीं रहेंगे।

अब ऐसे में सवाल अगर पार्टी राहुल गांधी का इस्तीफा स्वीकार करती है तो ऐसी स्थिति में पार्टी का अध्यक्ष कौन होगा।

कुछ नाम जो बन सकते हैं अध्यक्ष

अशोक गहलोत : अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले अशोक गहलोत संगठन महासचिव रह चुके हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने गेहलोत को जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसमें पार्टी ने पहले की तुलना में काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 80 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2012 में कांग्रेस को सिर्फ 61 सीटों पर जीत मिली थी। राजस्थान में भी सरकार बनाने में उनकी अहम योगदान था। ऐसे में अशोक गहलोत को पार्टी का कमान दिया जा सकता है। अगर गहलोत को पार्टी की कमान सौंपी जाती है तो युवा नेता सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। ऐसे में राज्य में जारी गुटबाजी पर भी विराम लग सकता है।

प्रियंका गांधी : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया गया था। हालांकि प्रियंका की कड़ी मेहनत के बाद भी यूपी में कांग्रेस सिर्फ 1 सीट जीत पाई। प्रियंका का दावा इसलिए मजबूत है कि वे गांधी परिवार से हैं। पार्टी का युवा चेहरा हैं। उनके नाम से भीड़ भी अच्छी-खासी जुट जाती है। हार के बाद भी प्रियंका उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में लगी हुई हैं। हालांकि राहुल गांधी के इस बयान कि पार्टी अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होना चाहिए, प्रियंका का दावा थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है।

मल्लिकार्जुन खड़गे : मल्लिकार्जुन खड़गे को भी कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वे 16वीं लोकसभा में कांग्रेस के नेता भी रह चुके हैं। वे कांग्रेस और गांधी परिवार का पक्ष भी मजबूती से रखते हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव 2019 में मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक की गुलबर्गा सीट से हार का सामना करना पड़ा था।

एके एंटोनी : भारत के पूर्व रक्षामंत्री एके एंटोनी को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का काफी करीबी माना जाता है। एके एंटोनी केरल से आते हैं। माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद पर दक्षिण भारत के किसी बड़े नेता को बैठाया जा सकता है। इस बार राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव केरल की वायनाड सीट से जीता है, जबकि अपनी परंपरागत अमेठी सीट से वे चुनाव हार गए। यदि गांधी परिवार से बाहर कोई अध्यक्ष बनता है तो एंटोनी का दावा सबसे मजबूत हो सकता है।

अब देखना है कि कौन बनता है कांग्रेस का अगला अध्यक्ष।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here