लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया और नए अध्यक्ष जल्द बनाने की बात कही मगर 2 महीने बीत जाने के बाद भी नया कांग्रेस अध्यक्ष कौन होगा ये तय नही हुआ है।
अब दो महीने बीत जाने के बाद कई कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने को लेकर लगातार कह रहे हैं। और अब शशि थरूर ने भी उन्हें अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए कहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर बनी अनिश्चितता के माहौल में पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने उम्मीद जताई कि प्रियंका गांधी अध्यक्ष के चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके चुनाव लडऩे का फैसला गांधी परिवार को ही करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी में नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की कमी कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रही है।
प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की पार्टी के भीतर उठ रही चर्चाओं पर थरूर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि उनके पास स्वाभाविक करिश्मा है जो निश्चित तौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को प्रेरित और एकजुट कर सकता है। उनकी इसी खूबी के कारण कई लोग उनकी तुलना उनकी दादी और पूर्व पार्टी अध्यक्ष दिवंत इंदिरा गांधी से करते हैं। वह निश्चित रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान डालेंगी और मतदाताओं को भी खीचेंगी।
अब देखना है कि क्या पार्टी नेताओं के कहने के बाद प्रियंका गांधी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगी।