उत्तर प्रदेश का प्रशासन व्यवस्था पूरी तरह से विफल होता हुआ नजर आ रहा है। यही कारण है कि पहले ही बढ़ते अपराध के रिपोर्ट से हर कोई भयभीत था और विपक्षी दल सरकार पर हमलावर नजर आ रही थी वहीं अब उत्तर प्रदेश के लखनऊ के कोर्ट में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश प्रशासन व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खुल गई। जिसके बाद तमाम विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री योगी पर हमला बोला है।
लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को आड़े हाथ लिया है। बुधवार को लखनऊ के एक कोर्ट में हुए बम धमाके से जहां प्रदेश में हड़कंप मचा है वहीं, दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर इस घटना के लिए योगी सरकार की विफलताओं को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट में लिखा कि राजधानी से लेकर सुदूर क्षेत्र तक कोई सुरक्षित नहीं है। क्या व्यवस्था है ये?
बुधवार को लखनऊ की वजीरगंज कचहरी में बम फटा है जिसमें कई वकील घायल हुए हैं। घटना से यूपी ही नहीं पूरे देश में बवाल मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इसी बीच प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, ‘उप्र सरकार को अब साफ-साफ कह देना चाहिए कि उसने तीन साल तक जनता से झूठ बोला। असल में प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है। राजधानी में कचहरी में वकीलों पर बम से हमले हो रहे हैं। राजधानी से लेकर सुदूर क्षेत्र तक कोई सुरक्षित नहीं है। क्या व्यवस्था है ये?’
प्राप्त जानकारी के अनुसार वकील संजीव लोधी पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि ये बम हमला आपसी विवाद की वजह से हुआ है। कचहरी में चुनाव भी होना है, उसी वजह के कारण रंजिश में ये हमला किया गया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो वकीलों की आपसी विवाद में यह हमला हुआ है। बम फेंकने का आरोप जीतू यादव नाम के व्यक्ति पर है। हालांकि पुलिस ने इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।