
लोकसभा चुनाव में प्रदेश में मिली करारी हार की गाज अब मध्य प्रदेश में कई कांग्रेस नेताओं पर गिरने वाली है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में बड़ा बदलाव होने वाला है। जिसका गाज एक या दो पर नहीं बल्कि 500 पदाधिकारियों पर गिरने वाली है।
विधानसभा चुनाव के सिर्फ 6 महीने के भीतर लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। पार्टी इतनी बड़ी हार की कोई ठोस वजह भी नहीं तलाश पा रही है। इसलिए अब कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल करने जा रही है। इसमें कइयों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा जबकि कुछ नये चेहरों की एंट्री होगी. खबर है कि 500 से ज्यादा पदाधिकारी बाहर किए जा सकते हैं.
संगठन में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है. इसमें कई जिलों में कई कार्यकारी अध्यक्षों की भी छुट्टी हो सकती है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने जिलों से कार्यकारिणी के कामकाज की रिपोर्ट मांगी है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी अभी काफी लंबी-चौड़ी है. इसमें महामंत्री, उपाध्यक्ष और सचिवों की संख्या 1200 के लगभग है. कार्यकारिणी में बड़ी छंटनी होने जा रही है।

































































