कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने बुधवार (6 फरवरी) को पार्टी के महासचिव सह पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी के रूप में पदभार संभाल लिया। अब इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि प्रियंका गांधी के राजनीति में आने से कांग्रेस को फायदा होगा या नुकसान? इंडिया टीवी और सीएनएक्स ने ओपीनियन पोल के जरिए इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश की है। उत्तर प्रदेश की 43 सीटों पर सर्वे कर चैनल ने जानने की कोशिश की है कि प्रियंका गांधी को लेकर जनता की क्या राय है? सर्वे के अनुसार, प्रियंका गांधी के आने के बाद से राज्य में उत्तर प्रदेश का जनाधार बढ़ा है। वहीं, भाजपा को नुकसान होता दिख रहा है।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रियंका गांधी के आने से कोई फर्क पड़ने की उम्मीद नहीं है। 2014 के चुनाव में नरेंद्र मोदी के पक्ष में जनसमर्थन था और इस बार भी लगभग वही स्थिति है। इस बार भाजपा को यहां 53 फीसदी वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस 28 फीसदी वोट के साथ दूसरे और महागठबंधन 12 फीसदी वोट के साथ तीसरे नंबर पर रहेगी। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां मात्र 7 फीसद वोट मिले थे।
अमेठी: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट से वर्तमान सांसद हैं। इस बार कांग्रेस को यहां 45 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं भाजपा को 39 फीसद मिलने की संभावना है।
रायबरेली: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस सीट से वर्तमान सांसद हैं। चर्चा है कि प्रियंका गांधी यहां से चुनाव लड़ सकती हैं। सर्वे के अनुसार, यहां भी कांग्रेस 60 प्रतिशत वोट के साथ चुनाव जीत सकती है। वहीं, भाजपा 25 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहेगी।