
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का बुधवार को लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर पहले हैदरगढ़ और फिर अमेठी तक जोरदार स्वागत हुआ। राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का पहला दौरा है। प्रियंका एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए आए एक-एक पार्टी नेता से मिलीं। देवरिया, आजमगढ़, बलिया के नेताओं को देख कर वह नाराज हुईं। उन्होंने पूछा कि चुनाव शुरू हो गया तो यहां क्या रहे हैं। क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करिए।
भीड़ को चीरती पुनिया तक पहुंची
दोपहर 12 बजे प्रियंका का काफिला हैदरगढ़ पहुंचा। ‘प्रियंका गांधी आईं हैं भाजपा घबराई है’ और ‘गरीब परिवार बहत्तर हजार’ के नारों से कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
भीड़ में सांसद पीएल पुनिया और उनका बेटा तनुज पीछे हो गए। इस पर प्रियंका अपने वाहन को छोड़कर भीड़ को चीरती हुई खुद उनके पास गईं। पूरे रास्ते लोगों का अभिवादन करती रहीं।
अमेठी तक जोरदार स्वागत
मुसाफिरखाना के गौरीगंज तिराहे पर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रियंका का स्वागत किया। कमरौली में वाहन से उतर कर प्रियंका ने पैदल रोड शो किया और लोगों से मिली। हजारीगंज, अशरफपुर, चिलौली व इन्हौना समेत कई जगहों पर जोरदार स्वागत हुआ। कई बार वाहन से उतर कर कार्यकर्ताओं से मिली।
कैंसर पीड़ित से मिलने घर गईं
प्रियंका ने इन्हौना कस्बा निवासी प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य कैंसर पीड़ित मो. लतीफ के घर पहुंचकर उनका हाल जाना। परिजनों से मुलाकात की। यहां से वह जगदीशपुर पहुंची।
कार्यकर्ताओं में भारी जोश
पार्टी महासचिव के आगमन को लेकर कार्यकताओं के बीच भारी जोश देखने को मिला। हाथ में झंडा तो कोई फूल लिए इंतजार करता दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर लोग डटे रहे।

































































