
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में दो प्रभारी को नियुक्त किया था पर लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी के इस्तीफा देते ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब सिर्फ पूर्वी उत्तर प्रदेश ही नही बल्कि पूरा यूपी देखेंगी।
प्रियंका गांधी को पूरे प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाये जाने से प्रदेश कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह की लहर है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक प्रभारी महासचिव होने से फैसले लेने में अनावश्यक देरी नहीं होगी। संगठन को मजबूती मिलेगी।
प्राप्त सूचना के अनुसार नया राष्ट्रीय अध्यक्ष तय होने के बाद प्रदेशों में बदलाव होगा। इसी को देखते हुए फिलहाल प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भी जिम्मेदारी दी गई है।
उधर, प्रियंका गांधी को पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी दिये जाने की खबर आते ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेता एक-दूसरे को बधाई देते दिखे।
एक तरफ विधानसभा की एक दर्जन सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी के लिए दो-दो नेताओं की प्रभारी बना कर क्षेत्रों में भेज दिया गया है तो दूसरी ओर, जिलों में संगठन में बदलाव को लेकर बैठकें हो रही हैं। अनुशासन समिति लोकसभा चुनाव में भीतरघात की शिकायतों पर अपनी जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप दे रही है। खुद प्रियंका गांधी सब कामों की निगरानी कर रही हैं। ऐसे में, फैसले जल्दी लिये जा सकेंगे।
लोकसभा चुनाव में कोई करिश्मा नही कर पाने वाली प्रियंका इतनी बड़ी जिम्मेदारी को कैसे संभालती है और इससे पार्टी को कितना फायदा होता है ये तो भविष्य में ही पता लगेगा।