पूर्व CM वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आज शिमला पहुंचेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद राहुल गांधी आजहिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करने शिमला दौरे पर रहेंगे।

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और पार्टी के प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के अनुसार श्री गांधी 12.30 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन करने के साथ उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

कांग्रेस महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उनके अंतिम संस्कार में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का प्रतिनिधित्व करेगा। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल शामिल होंगे।

87 वर्षीय वयोवृद्ध कांग्रेस नेता ने लंबी बीमारी के बाद शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में गुरुवार तड़के 3.40 बजे अंतिम सांस ली। सिंह के पार्थिव शरीर को उनके आवास हॉली लॉज में पूरे दिन अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

वीरभद्र सिंह के निधन से पूरे कांग्रेस में शोक की लहर ने।

कांग्रेस नेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राहुल ने ट्विट किया की “श्री वीरभद्र सिंह सही मायने में एक दिग्गज थे। लोगों और कांग्रेस पार्टी की सेवा करने की उनकी प्रतिबद्धता अंत तक अनुकरणीय रही। उनके परिवार और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं। हम उन्हें बहुत याद करेंगे।”

श्री वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून 1934 को हुआ। उनके पिता पदम सिंह बुशहर रियासत के राजा थे। वीरभद्र सिंह 1962 में पहली बार महासू सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे। इसके बाद वे 1967, 1971, 1980 और 2009 में भी लोकसभा के लिए चुने गए। वीरभद्र पहले रोहड़ू सीट से विधानसभा चुनाव लड़ते थे। बाद में रोहड़ू सीट आरक्षित हुई तो उन्होंने 2012 में शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ा। 2017 में उन्होंने यह सीट बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए छोड़ दी और खुद अर्की से चुनाव लड़े। अभी वे अर्की सीट से विधायक थे।

वीरभद्र 1983 से 1985 तक पहली बार, 1985 से 1990 तक दूसरी बार, 1993 से 1998 तक तीसरी बार, 1998 में कुछ दिन के लिए चौथी बार, 2003 से 2007 तक पांचवीं बार और 2012 से 2017 तक छठी बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

वे यूपीए सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री भी रहे। उनके पास सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय भी रहा। इससे पहले वे इंदिरा गांधी की सरकार में दिसंबर 1976 से 1977 तक केंद्रीय पर्यटन और विमानन राज्य मंत्री रहे। वे 1982 से 1983 तक केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here