राजस्थान में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के 6 महीने के भीतर लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने के बाद अब कांग्रेस के लिए निकाय चुनाव के बाद पंचायती राज उपचुनाव में भी सुखद परिणाम आए हैं।
विधानसभा चुनाव में 99 सीट जीत कर सरकार बनाने वाली कांग्रेस लोकसभा में सभी 25 सीट हार गई उसके बाद हुए निकाय उपचुनाव में जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज किया तो अब फिर एक बार कांग्रेस ने पंचायती राज के उपचुनाव में बीजेपी को धूल चटा दी।
9 जिला परिषद के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने 7 सीट जीते जबकि बीजेपी 1 और निर्दलीय 1 सीट पर जीत दर्ज की।
वही 75 पंचायत समिति सदस्य के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने 39 सीट जीती जबकि भाजपा को 29 और निर्दलीय को 6 सीट पर सफलता मिली।
कांग्रेस के इस जीत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा “आज आए पंचायती राज उपचुनावों के नतीजे सुखद हैं। मतदाताओं का आभार और कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवम विजयी उम्मीदवारों को बधाई।”
वही प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपने ट्वीट में लिखा “जिला परिषद उपचुनावों मे 9 जिला परिषद सदस्यो मे से कांग्रेस के 7 प्रत्याशियों व पंचायत राज उपचुनावो मे 75 पंचायत समिति सदस्यो मे से कांग्रेस के 39 प्रत्याशियो को जीत हासिल करने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। जनता ने एक बार फिर कांग्रेस के प्रति विश्वास जताया है।”
इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में लंबे समय के बाद थोड़ी सी खुशी देखी गई।