सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर क्या बोले कैप्टन अमरिंदर सिंह

कांग्रेस में लंबे समय से चल रही चर्चा के बाद सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया। अब सोनिया गांधी पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव होने तक पार्टी की कमान संभालेंगी।

सोनिया गांधी के अंतरिम अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में युवा सोच वाले अध्यक्ष की वकालत कर रहे पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जो हुआ वह सबसे अच्छा हुआ।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राहुल गांधी की जगह किसी युवा चेहरे को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग पहले और सबसे प्रभावी तौर पर सामने रखी थी। उन्होंने एक अखबार में लंबी-चौड़ी लेख लिखकर उसके तमाम वजहों पर गौर फरमाया था।

कांग्रेस के कद्दावर नेता अमरिंदर सिंह ने एक अखबार के लिए लेख लिखकर विस्तार से बताया था कि वे कांग्रेस की सोच में बदलाव के लिए क्यों जोर डाल रहे हैं। एक युवा नेता को ही पार्टी की कमान सौंपने की वकालत करते हुए उन्होंने आजादी के बाद से देश की डेमोग्राफी में आए बदलाव का जिक्र किया था। उन्होंने दलील दी थी कि आजादी के बाद से अब तक भारत बहुत आगे बढ़ चुका है। तब उन्होंने लिखा था, “पॉलिटिकल लैंडस्केप में भी बदलाव आ चुका है, ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रीय पार्टियां इस बदलाव पर जोर दे रही हैं। दशकों में लोगों की आशाएं और अपेक्षाएं बदल चुकी हैं और आबादी के दृष्टिकोण से भारत दुनिया के युवा देशों में शामिल हो चुका है, जिसके 65% लोग युवा हैं।”

अब पंजाब के मुख्यमंत्री ने अपने पुराने स्टैंड को बदलते हुए सोनिया को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाने की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में इससे बेहतर फैसला हो ही नहीं सकता।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, “सोनिया गांधीजी के हाथों में कमान लौटा देखकर खुश हूं। मौजूदा परिस्थितियों में ये सबसे बढ़िया फैसला था। उनके अनुभव और समझदारी से कांग्रेस को मदद मिलेगी। मैं उनको और पार्टी को शुभकामनाएं देता हूं।”

अमरिंदर के अलावा पंजाब कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी सोनिया को अध्यक्ष बनाए जाने पर अत्यधिक खुशी का इजहार किया है। पटियाला की सांसद और पूर्व केंद्रयी मंत्री परनीत कौर ने कहा है कि ये ‘बहुत ही अच्छा समाचार है। उनके अनुभव से हमें पार्टी को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।’ वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी सांसद मनीष तिवारी ने कहा है कि ‘मौजूदा परिस्थियों में पार्टी को रास्ता दिखाने में सोनिया का अनुभव काम आएगा। क्योंकि वो कई वर्षों तक कांग्रेस को संभाल चुकी हैं।’

इसी तरह हरियाणा कांग्रेस के नेता और राज्य के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले का जोरदार स्वागत किया है।

अब देखना है सोनिया गांधी कांग्रेस को इस चुनौती से कैसे निकालती है और फिर कैसे पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगो मे विश्वास बहाल करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here