3 महीने के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस ने अपना अगला अध्यक्ष चुना। लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्षता कर चुकी सोनिया गांधी फिर एक बार CWC की पसन्द बनी। सोनिया गांधी को नए अध्यक्ष के चुनाव होने तक अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया। जिसके बाद कांग्रेस कई नेताओं ने इसका स्वागत किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनाये जाने का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश के जनता की पहली पसंद बनेगी.
प्रमोद तिवारी ने कहा कि पूर्व में जब कांग्रेस आज से भी अधिक विषम परिस्थिति में गुजर रही थी तो श्रीमती सोनिया गांधी 14 मार्च, 1998 को कांग्रेस की अध्यक्ष बनी थीं और उनके नेतृत्व व मार्गदर्शन में केन्द्र तथा देश के कई प्रदेशों में कांग्रेस ने वापसी की थी. तिवारी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है, विशेष रुप से उत्तर प्रदेश में जिस तरह वर्ष 1998 में सभी 80 सीटें हारने के बाद शून्य से सफर तय करके कांग्रेस ने सूबे में सबसे ज्यादा संसदीय सीटें जीती थी
उसी तरह सोनिया गांधी की अध्यक्षता में तथा प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के संघर्षपूर्ण नेतृत्व में पार्टी अपना इतिहास दोहराते हुये उत्तर प्रदेश में जनता की पहली पसंद बनेगी.
पूर्व राज्य सभा सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस जल्द ही उप्र में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी और जनता के साथ झूठ व धोखे के युग का अन्त होगा. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में भारत एक बार फिर दुनिया की तीन बड़ी आर्थिक शक्तियों में से एक बनकर उभरेगा तथा बेहतर अर्थ व्यवस्था का साम्राज्य कायम करेगा.
कांग्रेस में लंबे समय से नए अध्यक्ष को लेकर कयास लगाया जा रहा था। इस दौरान कई नामो को लेकर चर्चा हुई मगर अंततः सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया।