झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस झामुमो और राजद की गठबंधन वाली महागठबंधन ने भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त दी जिसके बाद महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
इस तैयारी को आगे बढ़ाने और अपने गठबंधन के राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को शपथग्रहण समारोह में बुलाने के लिए हेमंत आज दिल्ली पहुंचेंगे। यहां वह सोनिया गांधी से मिलकर उन्हें शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए न्यौता देंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30 सीटें जबकि सहयोगी कांग्रेस को 16 और राष्ट्रीय जनता दल को एक सीट मिली है। वहीं भाजपा को 25 और आजसू को दो सीटें मिली हैं। झारखंड विकास मोर्चा को तीन, कम्यूनिस्ट पार्टी (एमएल) को एक, एनसीपी को एक जबकि निर्दलीयों के खाते में दो सीटें गईं हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार की रात राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस मौके पर उनके साथ झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह, राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस हाईकमान द्वारा नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए 29 दिसंबर की अपराह्र एक बजे का समय दिया है और समारोह का आयोजन रांची के मोरहाबादी के मैदान में होगा।
प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हेमंत के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी में से भी कम से कम एक नेता जरूर शामिल होगा।
गौरतलब है कि 2018 के दिसंबर से 2019 दिसंबर के बीच कांग्रेस और कांग्रेस के गठबंधन ने 5 राज्यों में सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है। इस सूची में मध्य प्रदेश , छत्तीसगढ़ और राजस्थान के साथ-साथ महाराष्ट्र और अब झारखंड भी जुड़ गया है।