
आने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लग सकता है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के ताजा ओपीनियन पोल के मुताबिक, तीन राज्यों से बीजेपी सरकार की विदाई हो सकती है। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान शामिल हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछले पंद्रह वर्षों से शासन में है। सर्वे के अनुसार, कांग्रेस इन राज्यों में अपने दम पर बहुमत की सरकार बना सकती है। 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में भी कांग्रेस को 142 सीटें मिल सकती है, जबकि सत्तारूढ़ बीजेपी के खाते में महज 56 सीटें आ सकती हैं। अन्य की झोली में दो सीटें जा सकती हैं।
सर्वे में बताया गया है कि 90 सदस्यों वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत यानी कि कुल 47 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजेपी को 40 और अन्य को तीन सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। राज्य में बीते 15 सालों से बीजेपी की रमन सिंह सरकार है। सर्वे में उनके खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर हावी नजर आया। वहीं, 230 सीटों वाले मध्य प्रदेश विधान सभा में कांग्रेस को 122 सीटें और बीजेपी को 108 सीटें मिलने के आसार हैं। सर्वे के अनुसार, यहां अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं आएगी। बता दें कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पिछले 15 सालों से सत्ता से दूर है।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्टेट इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट की रिपोर्ट में बाताया गया है कि इस बार कांग्रेस को सिंधिया के गढ़ में फायदा पहुंच रहा है। ग्वालियर और चंबल संभाग में 34 में 24 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिल रही है। यहां बीजेपी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। उसके खाते में महज सात सीटें ही इस बार मिलने की संभावना जताई गई हैं। वहीं, बसपा के खाते में 3 सीट जाने की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि बीजेपी को इस बार प्रदेश में कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में पार्टी के खिलाफ विरोधी लहर के चलते कई विधायकों और मंत्रियों के टिकट भी कट गए हैं। संघ भी बीजेपी को खराब प्रदर्शन वाले विधायकों को हटाने की हिदायत दे चुका है। संघ के सर्वे में भी बीजेपी की खराब रिपोर्ट आई थी।