Home Political कांग्रेस ने इन 3 नेताओं को दी पंजाब की सबसे बड़ी जिम्मेदारी,...

कांग्रेस ने इन 3 नेताओं को दी पंजाब की सबसे बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस चुनाव के लिए और हो गई मजबूत

पंजाब की सत्ता में बैठी कांग्रेस अपनी सत्ता को खोना नहीं चाहती, इसलिए कांग्रेस आलाकमान लगातार पंजाब की राजनीति पर खास ध्यान दे रहा है। कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रभारी अजय माकन की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।

साथ ही अंबिका सोनी को चुनाव समन्वय समिति का अध्यक्ष और सुनील जाखड़ को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रताप सिंह बाजवा को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को चुनाव अभियान कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा कांग्रेस हाईकमान ने एक स्क्रीनिंग कमेटी में चंदन यादव और कृष्णा अल्लावुरु सदस्य नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़, पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी भी इसके सदस्य होंगे।

इससे पहले पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इन नियुक्तियों के मसले पर तीन दिसंबर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर चुनाव संबंधी समितियों के गठन के सबंध में चर्चा की थी। एक दिसंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिद्धू और सुनील जाखड़ ने भी दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी के साथ बैठक की थी।

गौरतलब है कि पंजाब में अगले साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस को चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप), अकाली दल, बीजेपी और अमरिंदर सिंह की नई पार्टी की ओर से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है।

NO COMMENTS