भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत हो गई है। राजधानी भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रिमोट का बटन दबाकर योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
सरकार की ओर से इस सेवा को प्रदेश में इंटरसिटी और इंट्रासिटी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया गया है। योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस बसों के संचालन और आने वाले वर्षों में सार्वजनिक परिवहन के विस्तार का लक्ष्य रखा गया है। 2031 तक प्रदेशभर में 15 हजार बसों का संचालन करने का लक्ष्य है।
लॉन्चिंग के साथ सियासत भी तेज
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ के साथ ही कांग्रेस ने योजना को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि जिन बसों को योजना के तहत दिखाया जा रहा है, उनमें पुरानी बसों पर पेंट किए जाने की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
पटवारी ने वीडियो के जरिए सरकार से सवाल किया कि क्या पुरानी बसों को नया रंग देकर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के नाम पर चलाया जा रहा है।
एक तरफ सरकार आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था शुरू करने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस बसों की उम्र और वास्तविक स्थिति को मुद्दा बना रही है। अब योजना के शुभारंभ के साथ ही नई परिवहन सेवा बनाम पुरानी बसों के आरोप को लेकर सियासी बहस शुरू हो गई है।


























