सनातन के नाम पर 950 KM की पदयात्रा, दिग्विजय ने RSS, EVM और अयोध्या पर खोला मोर्चा

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। करीब 950 किलोमीटर की पदयात्रा को दिग्विजय सिंह ने गैर राजनीतिक बताया है। यात्रा का आधा हिस्सा मध्यप्रदेश और आधा उत्तर प्रदेश में होगा। दिग्विजय सिंह इससे पहले नर्मदा यात्रा और राहुल गांधी के साथ यात्रा कर चुके हैं।

पत्नी अमृता के साथ दिखा हल्का-फुल्का अंदाज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह भी मौजूद रहीं। दोनों के बीच हल्का-फुल्का मजाक भी देखने को मिला। अमृता सिंह ने कहा, “सवाल पूछना मेरा धर्म है… मैं आपके साथ नहीं, मुझे सामने बैठना था।” इस पर दिग्विजय सिंह हंसते हुए बोले, “घर पर यही होता है… मुझे डर लग रहा था, तुम ऐसा न बोल दो।”

अमृता सिंह ने दिग्विजय सिंह की तुलना सतपुड़ा से करते हुए उन्हें अडिग और निर्मल बताया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय जटिल नहीं, बल्कि दृढ़ हैं।

RSS पर दिग्विजय के तीखे आरोप

दिग्विजय सिंह ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संघ की विचारधारा के विरोधी रहे हैं क्योंकि उनकी विचारधारा से उनका मेल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS का संवैधानिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और नियुक्तियों में प्रभाव है। दिग्विजय ने संघ के पंजीकरण और फंडिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग, UGC और विश्वविद्यालयों में संघ से जुड़े लोगों के प्रभाव का दावा किया।

EVM और VVPAT पर भी उठाए सवाल

दिग्विजय सिंह ने EVM और VVPAT को लेकर भी सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह 2022 से EVM का विरोध कर रहे हैं। उनका दावा है कि सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था आने के बाद डिजिटल फ्रॉड का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने VVPAT की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।

SIR को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसके जरिए नागरिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं।

अयोध्या में भ्रष्टाचार के आरोप

अयोध्या को लेकर दिग्विजय सिंह ने मंदिर निर्माण, चंदे, जमीन खरीद और चांदी की ईंटों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में धर्माचार्यों का अपमान हुआ है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पांच रंग की धर्म ध्वजा और राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकलेगी यात्रा

दिग्विजय सिंह के मुताबिक यात्रा में पांच रंग की धर्म ध्वजा के साथ राष्ट्रीय ध्वज भी रहेगा। यात्रा का ध्येय वाक्य ‘यतो धर्मः ततो जयः’ होगा। यात्रा को गैर राजनीतिक बताते हुए उन्होंने इसे सनातन और स्वाभिमान से जोड़ने की बात कही।

सीहोर के कथावाचक पर बिना नाम लिए निशाना

दिग्विजय सिंह ने बिना नाम लिए सीहोर के एक कथावाचक पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कथावाचक ने बच्चों को पढ़ाई की जरूरत नहीं होने और शिवजी को उल्टा बेलपत्र चढ़ाने से पास होने की बात कही थी। उन्होंने कथावाचक की संपत्ति को लेकर भी सवाल उठाए। इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here