बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, राज्यों में बदले प्रभारी, सहप्रभारी – आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया की कमान

बृजगोपाल लोया बने एमपी बीजेपी के मीडिया प्रभारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची में मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी बिप्लब कुमार देब को दी गई है, जबकि रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। तो छत्तीसगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी बनाया है। इसके साथ ही मप्र में बीजेपी के नेता और पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश, सांसद गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राज्य सभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान और लाल सिंह आर्य को पाश्चिम बंगाल में सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मप्र के कोटे से राज्यसभा पहुंचे तरुण चुग गुजरात के प्रभारी बनाए गए हैं।

आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग की कमान

इसी संगठनात्मक फेरबदल के बीच भाजपा के मीडिया विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है। इससे पहले वे राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया विभाग में सह-संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के मीडिया और संचार तंत्र से जुड़ी होगी।

बृजगोपाल लोया को एमपी में बीजेपी की मीडिया विभाग की जिम्मेदारी

आशीष अग्रवाल के राष्ट्रीय दायित्व में जाने के बाद मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी का पद खाली था। अब रायसेन के बृजगोपाल लोया को मध्य प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

लोया इससे पहले भाजपा के मीडिया विभाग में सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब प्रदेश भाजपा के मीडिया समन्वय, पार्टी के आधिकारिक पक्ष को मीडिया तक पहुंचाने और संगठन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार की कमान उनके पास होगी।

एमपी बीजेपी में नई टीम के साथ नई जिम्मेदारियां

राष्ट्रीय स्तर पर आशीष अग्रवाल की जिम्मेदारी बढ़ने और प्रदेश में बृजगोपाल लोया की नियुक्ति को भाजपा के मीडिया संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की नई नियुक्तियों के बाद मध्य प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में भी नई व्यवस्था लागू होगी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here